Lok Sabha Elections 2024 पीलीभीत में गरजे सीएम योगी, कहा- पिछली सरकारें दंगा पॉलिसी के लिए कुख्यात थीं
Lok Sabha Elections 2024 सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सपा और कांग्रेस पर जमकर सियासी वार किए। सीएम ने बहेड़ी के रामलीला मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें दंगा पॉलिसी के लिए कुख्यात थीं। भाजपा सरकार में बीते सात वर्षों में कोई दंगा नहीं हुआ है। अब नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में हैं सब चंगा।
पीलीभीत संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बहेड़ी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने भारत माता के जयकारे से अपना संबोधन शुरू किया। मां दुर्गा और काली माता के जयकारे लगवाए। उन्होंने कहा कि आज हम सब नए भारत के दर्शन कर रहे हैं। नया भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा करना जानता है तो 140 करोड़ लोगों को सुरक्षित करना जानता है। नए भारत में विरासत के साथ विकास को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। विकास भी है तो विरासत और आस्था का सम्मान भी है।
भूमाफिया के खिलाफ सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी भूमाफिया सार्वजनिक जमीनों पर कब्जा करेगा। चाहे वह रामलला की भूमि हो या किसी गरीब या व्यापारी की भूमि हो। उसको लेने के देने पड़ेंगे। अगर किसी ने भूमाफिया बनकर गरीब या सार्वजनिक की जमीन पर कब्जा किया है तो ब्याज सहित उसकी वसूली होगी। फिर उनकी संपत्ति पर गरीबों के लिए आवास बनाएंगे, जैसा प्रयागराज में किया था।
दंगाई जान की भीख मांग रहे
योगी ने कहा कि बरेली में पहले तो हर महीने दंगा होता है। आज दंगाई जान की भीख मांगते फिरते हैं। अब यह नहीं हो पाया कि दंगा भी कराएंगे और फिर किसी पार्टी में जाकर जबरदस्ती फतवे जारी करके अव्यवस्था पैदा करेंगे। अब यह कतई स्वीकार नहीं है। कहा कि माफिया गले में तख्ती लटकाकर घूम रहे हैं।
यह भी पढें- Lok Sabha Elections 2024 पीलीभीत में गरजे सीएम योगी, कहा- पिछली सरकारें दंगा पॉलिसी के लिए कुख्यात थीं (ottindia.app)
आतंकवाद-नक्सलवाद का समाधान
उन्होंने कहा कि देश में आतंकवाद की समस्या का समाधान धारा 370 समाप्त होने के साथ ही हो गया है। आज भारत का कोई भी नागरिक जम्मू-कश्मीर में जाकर जमीन खरीद सकता है। कांग्रेस ने इससे वंचित किया था। उन्होंने कहा कि देश के अंदर नक्सलवाद समस्या का समाधान हुआ है। सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना है। मुख्यमंत्री ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गिनाया।
यह भी पढें- Lok Sabha Elections 2024 पीलीभीत में गरजे सीएम योगी, कहा- पिछली सरकारें दंगा पॉलिसी के लिए कुख्यात थीं (ottindia.app)
बड़ी परियोजनाएं आगे बढ़ रही
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज हाईवे बन रहे हैं। रेलवे की बड़ी परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। आईआईटी-आईआईएम बन रहे हैं। मेगा फूड पार्क का काम बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब एक जैसी सरकारें होती हैं। अच्छे लोग चुनकर जाते हैं तो उसका परिणाम भी अच्छा होता है।
गन्ना किसानों को साधा
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 120 चीनी मिल चल रही हैं। 105 चीनी मिल एक सप्ताह के अंदर भुगतान कर रही हैं। 15 चीनी मिलों का भुगतान लेट है। ढाई लाख करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान किसानों के खातों में किया है। सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग इतना भुगतान नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि जो चीनी मिलें गन्ना भुगतान समय पर नहीं करेंगी हम किसानों को उसका मालिक बनाएंगे। अन्नदाता किसान ही उन चीनी मिलों को संचालित करेंगे। एक-एक पाई का हिसाब का लेंगे। हम समस्या नहीं देते, हम समाधान पर विश्वास करते हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से जितिन प्रसाद का समर्थन करने की अपील की।